संसदीय राजभाषा समिति का गठन वर्ष 1976 में राजभाषा अधिनियम, 1963 की धारा 4(4) के अंतर्गत संघ के सरकारी कामकाज में राजभाषा हिंदी के प्रयोग में हुई प्रगति का पुनर्विलोकन करके अपनी सिफारिशें सहित प्रतिवेदन माननीय राष्ट्रपति जी को प्रस्तुत करने के लिए किया गया था। यह विशेषाधिकार प्राप्त संसदीय समिति है। इसमें 30 संसद सदस्य हैं, 20 लोकसभा से और 10 राज्यसभा से। माननीय गृह मंत्री जी इस समिति के अध्यक्ष हैं। इस समिति का मुख्य उद्देश्य केंद्र सरकार के कामकाज में राजभाषा हिंदी के प्रयोग की प्रगति की समीक्षा करना और इस संबंध में अपनी सिफारिशें संबंधी प्रतिवेदन माननीय राष्ट्रपति जी को प्रस्तुत करना है। राजभाषा कार्य की प्रगति के निरीक्षण कार्य को सुचारू रूप से चलाने के लिए इस समिति को तीन उप-समितियों में विभाजित किया गया है। समिति की ये तीनों उप-समितियां 31 अक्तूबर, 2026 तक 20,893 से अधिक कार्यालयों का निरीक्षण कर चुकी हैं और लगभग 882 गणमान्य व्यक्तियों का मौखिक साक्ष्य भी ले चुकी हैं, जिनमें उच्च न्यायालयों के मुख्य न्यायाधीश, राज्यों के मुख्यमंत्री और राज्यपाल शामिल हैं। इसी कार्य के आधार पर समिति अब तक अपने प्रतिवेदन के तेरह खण्ड राष्ट्रपति जी को प्रस्तुत कर चुकी है। नौ खण्डों में की गई सिफारिशों पर माननीय राष्ट्रपति जी के आदेश जारी हो चुके हैं।
संसदीय राजभाषा समिति की पृष्ठभूमि